दीपावली को लेकर पुलिस सतर्क, बाजारों से लेकर प्रमुख चौराहों तक चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी करेंगे निगरानी

फरीदाबाद। दीपावली एवं गोवर्धन पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में उमडऩे वाली भीड़ और खरीदारी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाएगी। इस संबंध में सभी थाना प्रबंधकों एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने, लगातार गश्त करने और स्वयं सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता अनुसार त्योहारों के दौरान महिलाओं एवं बुजुर्गों को निशाना बनाकर होने वाली चेन स्नैचिंग, जेबतराशी और वाहन चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी।

बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। शहर के प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जाएगी। वहीं अपराध शाखाओं की टीमें भी बाजारों में विशेष निगरानी रखेंगी। उन्होंने आगे बताया कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख चौराहों और बाजारों की ओर जाने वाले व्यस्त मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। बाजारों में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को आवागमन में परेशानी न आए, इसके लिए व्यापार मंडलों एवं सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए थाना खेड़ीपुल, सेंट्रल, सारन, एनआईटी एवं शहर बल्लभगढ़ में एक-एक फायर ब्रिगेड गाड़ी और एंबुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस रिजर्व बल को भी अलर्ट रहने के आदेश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पडऩे पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

दीपावली पर पटाखों की बिक्री एवं इस्तेमाल के संबंध में माननीय सुप्रीम कोर्ट तथा संबंधित प्राधिकरणों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता, आईपीएस ने समस्त शहरवासियों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली खुशियों, रोशनी और आपसी भाईचारे का पर्व है। सभी नागरिक इस पावन त्योहार को प्रेम, सौहार्द एवं सद्भाव के साथ मनाएं। त्योहार की खुशियों के बीच अपनी और दूसरों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें। पटाखों के इस्तेमाल में निर्धारित नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित वातावरण में हर्षोल्लास के साथ दीपावली एवं गोवर्धन पूजा का पर्व मना सके। शहरवासियों के सहयोग से त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.