दो वाहन चोर गैंग का भंड़ाफोड़, नौ चोरीशुदा वाहन किए बरामद
फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की वाहन चोरों पर लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को एवीटीएस सिकरोना की टीम ने दो वाहन चोर गैंग का भंड़ाफोड़ करते हुये चार सदस्यो को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इन दोनों गैंग से पुलिस ने आठ मोटरसाइकिल बरामद की है, जिनसे नौ वाहन चोरी के मामलो का खुलासा हुआ है। पहली गैंग से नूंह निवासी आरिफ व बिलाल को गिरफ्तार किया है। आरिफ को पुलिस टीम ने अवैध कट्टा के साथ गिरफ्तार किया था, जिस पर थाना धौज में मामला दर्ज किया गया था। जिसने पूछताछ में बताया कि वह अवैध असला मुकीम निवासी गांव मुंडीबास जिला नूंह से लेकर आया था।
वहीं बिलाल को थाना सराय ख्वाजा की एक मोटरसाइकिल चोरी के मामलें में गिरफ्तार किया गया है। जिससे एक मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरिफ व बिलाल दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं तथा एक वाहन चोरी की गैंग ऑपरेट करते है, जिनसे थाना मुजेसर के 4 मामलों का खुलासा हुआ है। जिनकी निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों का पूर्व में आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरिफ पर चार व बिलाल पर नौ मामलें दर्ज है। वहीं दूसरी गैंग से नूंह निवासी अरशद व मुकीम को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने अरशद को सुनील निवासी रायपुर पुन्हाना को एक अवैध कट्टा देने के मामले में गिरफ्तार किया था।
अवैध असला के संबंध में थाना मुजेसर में मामला दर्ज है। वहीं मुकीम को थाना धौज के एक मामले में आसिफ को अवैध असला उपलब्ध कराने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। जिससे खुलासा हुआ कि दोनों मिलकर एक वाहन चोरी की गैंग ऑपरेट करते है। जिनसे जिला फरीदाबाद के चार वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें थाना सेक्टर-17 -एक, आर्दश नगर-एक, कोतवाली-एक, सराय ख्वाजा-एक वाहन चोरी के मामले शामिल है। जिनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड है, अरशद के खिलाफ दो तथा मुकीम के खिलाफ तीन मामले दर्ज है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं।
