कांवड़ यात्रा की सुरक्षा संभालेंगे दो हजार पुलिसकर्मी, सीसीटीवी व ड्रोन से होगी निगरानी
25 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी, आगरा कैनाल मार्ग रहेगा बंद
फरीदाबाद। बृहस्पतिवार से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। करीब 2000 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर तैयार विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान के तहत पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर राठी को संपूर्ण यात्रा का नोडल अधिकारी बनाया गया है,
जबकि डीसीपी मुख्यालय, एनआईटी, बल्लभगढ़ और सेंट्रल अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और त्वरित राहत के लिए यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और क्रेन तैनात रहेंगी। स्वास्थ्य, अग्निशमन तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके अलावा यात्रा मार्ग पर स्थित शराब के ठेकों, पेट्रोल पंपों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 25 से अधिक स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की जाएगी। इनमें दुर्गा बिल्डर, आगरा कैनाल मार्ग, सेहतपुर पल्ला पुल, पल्ला पुल, एत्मादपुर पुल, सेक्टर-28/29 पुल, खेड़ी पुल, सेक्टर-17 पुल, सेक्टर-14 पुल, बीपीटीपी पुल, बड़ौली पुल, सेक्टर-8 पुल, तिगांव पुल, आईएमटी पुल, चंदावली पुल, सुनपेड़ पुल, जाट चौक, मलेरना चौक, जाजरू चौक, शाहपुरा कलां, शाहपुरा मोड़, डीग पुल, प्याला मोड़, सीकरी चौकी और कैली बाईपास सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए तीन प्रमुख मार्ग निर्धारित किए हैं। पहला मार्ग कालिंदी कुंज (दिल्ली) से एमसीडी टोल होते हुए आगरा कैनाल के किनारे रहेगा। दूसरा मार्ग बदरपुर बॉर्डर से आउटर बाईपास के रास्ते और तीसरा मार्ग बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के माध्यम से तय किया गया है।
इन सभी मार्गों पर संबंधित थाना पुलिस लगातार गश्त करेगी, जबकि केजीपी एक्सप्रेस-वे पर विशेष मोबाइल पुलिस पार्टियां भी तैनात रहेंगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग, प्रमुख विश्राम स्थलों और कांवड़ शिविरों में महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, अपराध शाखा, महिला पुलिस, ईआरवी, राइडर को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वेट टीमें पूरी तरह सक्रिय रहेंगी, जबकि अपराध शाखा की टीमें सादा वर्दी में यात्रा मार्ग पर तैनात रहकर असामाजिक और शरारती तत्वों पर नजर रखेंगी। पुलिस सोशल मीडिया मानटरिंग सेल चौबीसों घंटे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नजर रखेगा। भ्रामक, भडक़ाऊ, झूठी या आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो अथवा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
