बल्लभगढ़ में अवैध रूप से संचालित दो पशु डेयरियां सील, स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम की कार्रवाई जारी

फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दो पशु डेयरियों को सील कर दिया।

यह कार्रवाई भीमसेन कॉलोनी, अग्रसेन चौक के निकट, मिल्क प्लांट रोड, बल्लभगढ़ स्थित दो डेयरियों पर की गई, जिनका संचालन राम सिंह यादव एवं राकेश यादव द्वारा किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान एसडीओ राहुल गिल, सैनिटेशन जोन इंचार्ज बल्लभगढ़ अजीत रावत, जेई असलम खान तथा एएसआई ओम अत्री मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम की टीम ने दोनों डेयरियों को नियमानुसार सील कर दिया।

निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पशु डेयरियों से निकलने वाला अपशिष्ट अक्सर सीवर लाइनों में जमा होकर सीवर जाम होने का कारण बनता है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

निगम प्रशासन ने जानकारी दी कि उक्त डेयरियों के संबंध में स्थानीय निवासियों द्वारा लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद नगर निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों डेयरियों को सील कर दिया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित करने वाले अवैध कार्यों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.