पुलिस के पहरों से संघर्ष के इरादे कैद नहीं हो सकते : प्रियंका मनोज अग्रवाल

महिला कांग्रेस के ‘संसद घेराव’ को लेकर प्रदेश महासचिव को किया ‘हाउस अरेस्ट’

फरीदाबाद। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के आह्वान पर मंगलवार को दिल्ली में आयोजित विशाल ‘संसद घेराव’ आंदोलन में शामिल होने जा रहीं हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं बल्लभगढ़ की पीसीसी डेलिगेट श्रीमती प्रियंका मनोज अग्रवाल को आज सुबह ‘हाउस अरेस्ट’ कर लिया गया। प्रियंका अग्रवाल को दिल्ली जाने से रोकने के लिए तडक़े 5 बजे से ही सेक्टर-02 स्थित उनके निवास पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ भारी पुलिस बल और गाडिय़ों की तैनाती कर दी गई। प्रशासन की इस दमनकारी कार्रवाई की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की तानाशाही के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपना कड़ा रोष जताया।

इस दौरान प्रियंका मनोज अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार महिला आरक्षण के नाम पर देश की महिलाओं के साथ लगातार छल और झूठ की राजनीति कर रही है। आज देश की आधी आबादी अपना हक मांग रही है, लेकिन भाजपा की नीयत कभी महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार देने की नहीं रही। हमारी स्पष्ट मांग है कि महिलाओं को जुमले देना बंद करके महिला आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। इसी न्याय की मांग को लेकर आज महिला कांग्रेस जंतर-मंतर से संसद घेराव के लिए कूच कर रही है, जिससे केंद्र की भाजपा सरकार बुरी तरह घबराई हुई है। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले और जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई पुलिस बर्बरता पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक की वजह से लाखों होनहार बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब चुका है।

कल जंतर-मंतर पर लोकतंत्र का काला दिन देखने को मिला, जहां शांतिपूर्वक अपने हक की आवाज उठाने गए मासूम छात्रों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां भांजीं। मोदी सरकार इतनी डरी और बौखलाई हुई है कि अपने एक भ्रष्ट मंत्री को बचाने के लिए देश के मासूम बच्चों को खून से लहूलुहान करवा रही है। हक मांगने पर युवाओं और छात्रों पर डंडे बरसाना इस तानाशाह सरकार के अंत की शुरुआत है। प्रियंका मनोज अग्रवाल ने कहा कि हम कुमारी सैलजा के सच्चे सिपाही हैं और कुमारी सैलजा के मार्गदर्शन और अलका लांबा के नेतृत्व में जनता के हक की यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी। खाकी के पीछे छिपने वाली यह कायर सत्ता भूल रही है कि पुलिस के पहरे सिर्फ रास्ते रोक सकते हैं, हमारे संघर्ष के इरादों को कैद नहीं कर सकते। भाजपा सरकार जितने चाहे पहरे और पाबंदियां लगा ले, हमारे इंकलाबी हौसलों को तोड़ नहीं सकती। तुम जितना दबाओगे, जनता और युवाओं की आवाज उतनी ही बुलंद होगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.