महिला के मिले शव की गुत्थी सुलझी, हत्यारोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद। करीब नौ दिन पूर्व बल्लभगढ़ सब्जी मंडी में मिली महिला की लाश की गुत्थी को अपराध शाखा डीएलएफ पुलिस ने सुलझाते महिला के हत्यारे को गिरफ्तार किया है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध वरुण कुमार दहिया ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 22 अप्रैल को पुलिस चौकी बल्लभगढ़ पुलिस ने सूचना के आधार पर आदर्श सब्जी मण्डी बल्लभगढ़ से एक महिला के शव को बरामद किया। इस बाबत फल विक्रेता गौरव ने शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम करवाकर हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस चौकी बल्लभगढ की टीम ने महिला की पहचान बारे इश्तेहार जारी कराये गये तथा आसपास के क्षेत्र में महिला के बारे पूछताछ की गई। अपराध शाखा डीएलएफ के प्रयास से महिला की पहचान 45 वर्षीय फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो निवासी पश्चिम बंगाल के रुप में हुई।
फिरोजा ने वर्ष 2000 में मुकेश निवासी खुर्जा बुलंदशहर के साथ कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद से ही मृतका का परिवार फरीदाबाद में रह रहा था। वह लगभग 13-14 सालों से अपने परिवार से अलग रहती थी। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में बीरू (36) निवासी मुजेसर को गिरफ्तार किया है। वह सेक्टर 24 स्थित एक प्राईवेट कंपनी में काम करता है। पूछताछ में सामने आया कि करीब 13-14 साल पहले मृतका आरोपी बीरू के भाई सन्नी के पास रहती थी। तभी से उसकी मृतका से जानकारी थी।चार साल पहले सन्नी की मृत्यु हो गई थी । फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो बस स्टेंड बल्लभगढ व आसपास के क्षेत्र में घुमती रहती थी।
आरोपित की पत्नी चार साल पहले ही उसको छोड कर जा चुकी है। फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो के साथ आरोपी बीरू अवैध संबंध थे जिनके चलते मृतका आरोपी से बार बार पैसे की डिमांड करती थी और पैसे की डिमांड पूरी ना करने पर पुलिस में शिकायत करने के लिये धमकी देती थी। 21 अप्रैल को रात के समय आरोपी बीरू बस स्टेंड बल्लभगढ पर आया था, जहां पर उसको मृतिका फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो मिली थी। जहां पर दोनों ने शराब पी और नशा होने के बाद उसने मृतिका के साथ जबरदस्ती शारीरिक सम्बन्ध बनाए। जिसको लेकर झगड़ा हो गया और मृतिका आरोपी को धमकी देने लगी कि पुलिस में फंसवा दूंगी जिस डर से आरोपी बीरू ने वहीँ पास में पड़ी ईंट को उठाकर फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो को सिर, छाती व पेट व अन्य जगहों पर ईंट से कई वार किये, जिससे उसकी मृत्यु हो गई । आरोपी बीरू का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर चार मामले दर्ज है। वह करीब 2 महीने पहले ही एनडीपीएस के एक मामले में जेल से बाहर आया है।
