हथौड़ा कांड के मुख्य आरोपियों को पुलिस ने सिर मुंंडवाकर कराई परेड

फरीदाबाद। गांव फतेहपुर बिल्लौच में युवक पर हथौड़े और लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने आरोपियों को पकडऩे के बाद उन्हें उसी जगह ले जाकर गुरुवार दोपहर शिनाख्त परेड करवाई, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों का सिर मुंडवाकर सार्वजनिक रूप से उनकी परेड निकाली गई, ताकि लोगों के सामने उनकी पहचान हो सके। जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को गांव फतेहपुर बिल्लौच में चार युवकों ने मिलकर 19 वर्षीय मनीष पर हमला कर दिया था। आरोपियों ने मनीष को घेरकर उसके पैरों पर हथौड़ों और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए थे, जिससे उसकी टांग की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया था।

घटना के बाद घायल मनीष के पिता कुंवर पाल निवासी फतेहपुर बिल्लौच ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया और मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 को सौंप दी गई। सीआईए सेक्टर-65 के इंचार्ज जोगेंद्र के नेतृत्व में टीम ने पलवल के बाघोला क्षेत्र से दो मुख्य आरोपी अभिषेक और गौरव निवासी फतेहपुर बिल्लौच को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस उन्हें गांव फतेहपुर बिल्लौच में उसी स्थान पर लेकर पहुंची, जहां 26 अप्रैल को युवक मनीष पर हमला किया गया था। पुलिस ने मौके पर आरोपियों की शिनाख्त परेड करवाई और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की। इस दौरान आरोपियों का सिर मुंडवाकर उन्हें उसी जगह ले जाया गया और लोगों के सामने उनकी परेड करवाई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की परेड निकालने का मकसद यह भी था कि गांव और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के मन से अपराधियों का डर खत्म हो सके।

पुलिस चाहती है कि आम लोगों में यह संदेश जाए कि कानून तोडऩे वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों की पीडि़त युवक की रिश्ते में लगने वाली बहन पर गलत नजर थी और वे अक्सर उस पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे। इस बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था। बताया जा रहा है कि जब मनीष ने अपनी बहन पर टिप्पणी करने का विरोध किया तो आरोपियों ने उससे रंजिश रखनी शुरू कर दी। इसी रंजिश के चलते 26 अप्रैल को मौका पाकर चारों युवकों ने मनीष पर हमला कर दिया और उसके पैरों पर हथौड़ों से वार कर दिए। क्राइम ब्रांच की टीम ने फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल बाकी दो आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.