छात्रों से हुई मारपीट के विरोध में जिला कांग्रस ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
फरीदाबाद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के अध्यक्ष बलजीत कौशिक के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सैक्टर-12 स्थित पैट्रोल पम्प पर एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन करते हुए सेक्टर-12 लघु सचिवालय पहुंचे। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्फत महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता की निंदा की गई। साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुए दुव्र्यवहार पर भी विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन में हरियाणा कांग्रेस के सहप्रभारी जितेन्द्र बघेल, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक और एआईसीसी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक रोहताश बेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक से देश के लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाना उचित नहीं है और कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। सरकार ने अपना दोमुंहा चेहरा दिखाते हुए छात्रों पर जमकर लाठी-चार्ज किया।
धरने देने आए छात्रों पर पथराव भी किया गया। पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल व पृथला के विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया ने संयुक्त रुप से कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह संसदीय परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए और विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। फरीदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि देश के छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके साथ सख्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ हुआ कथित दुव्र्यवहार लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के अनुरूप नहीं है और कांग्रेस इसका विरोध जारी रखेगी। इस अवसर पूर्व पार्षद योगेश ढींगड़ा, रोहित नागर, विधान प्रताप सिंह, रोहित सिंगला, अनिल नेताजी, अनिल शर्मा, वेद प्रकाश यादव, रेनू चौहान, गौरव ढींगड़ा, विनोद कौशिक, अशोक रावल, विकास फागना, सुनीता फागना, एडवोकेट अनुज शर्मा, बाबूलाल रवि, अजीत भाटी, मोनू ढिल्लो सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
