योग दिवस की तैयारियों को लेकर डीसी ने अधिकारियों की बैठक, दिए दिशा निर्देश

सेक्टर-12 खेल परिसर में आयोजित होगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम

फरीदाबाद। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा उन्हें सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें। उपायुक्त मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि 20 जून को कार्यक्रम की पूर्ण रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जबकि 21 जून को सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में जिला स्तरीय योग दिवस समारोह आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। साथ ही ब्लॉक स्तर पर भी योग दिवस आयोजित किया जाएगा।  बैठक में संभावित वर्षा की स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-12 खेल परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम को वैकल्पिक स्थल के रूप में तैयार रखा जाएगा।

उपायुक्त ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इंडोर स्टेडियम की साफ-सफाई, रखरखाव तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि आवश्यकता पडऩे पर कार्यक्रम को तत्काल वहां स्थानांतरित किया जा सके। डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि 20 जून को होने वाली रिहर्सल के दौरान सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जाए। उन्होंने टेंट, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को कार्यक्रम से पूर्व ही स्थापित एवं परीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त फायर सेफ्टी, मेडिकल सहायता, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।  डीसी आयुष सिन्हा ने कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण गतिविधियों के आयोजन के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों को चिन्हित करने तथा विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। डीसी  ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का जनआंदोलन है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की मिनट-टू-मिनट कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, सीईओ जिला परिषद शिखा, बडख़ल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, जिला शिक्षा  सिंगला सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.