राम मंदिर में हुई चोरी के मामले में जनमत जुटाएगी आम आदमी पार्टी, चलेगा हस्ताक्षर अभियान
फरीदाबाद। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या के राम मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर जारी किए गए हस्ताक्षर अभियान के समर्थन में आज फरीदाबाद के बाटा स्थित प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र शर्मा के कार्यालय पर जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र शर्मा ने की।
‘आप’ पार्टी जिला, विधानसभा, वार्डों और गांवों में व्यापक जन-जागरण एवं हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। अभियान के दौरान कार्यकर्ता राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा जारी पत्रक को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाएंगे, लोगों को अभियान की जानकारी देंगे तथा अधिक से अधिक नागरिकों से पत्रक पर हस्ताक्षर कराकर अपनी आवाज़ बुलंद करने का आग्रह करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा।
प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देश वासियों की आस्था के केंद्र हैं। राम मंदिर से जुड़ी घटना ने पूरे देश के श्रद्धालुओं की भावनाओं को झकझोर दिया है। आम आदमी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से लोगों की राय एकत्र कर इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी।
जिला अध्यक्ष रविंद्र फौजदार ने कहा कि यह अभियान किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के प्रति जनभावनाओं को लोकतांत्रिक तरीके से सामने लाने का प्रयास है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक मोहल्ले, गांव और बाजार में जाकर अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करें, पत्रक की जानकारी दें तथा हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाएं।
बैठक में प्रमोद मनोचा, राजदीप सांगवान,सरपंच निरंजन सिंह, राजकुमार खरवार, नरेश शर्मा, विनय यादव, मामचंद, मंजू गुप्ता, सुदेश राणा, देवराज गौड़, नरेंद्र शर्मा, विजय गोदारा, दिनेश भारद्वाज सहित जिला एवं प्रदेश के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
