कांवड़ियों की सेवा को पहुंचे ठाकुर शैलेंद्र, 51 तुलसी के पौधे और फल किए वितरित

फरीदाबाद। सावन महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह चरम पर है। जगह-जगह कांवड़ियों के शिविरों में श्रद्धालु उनकी सेवा में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर शैलेंद्र सिंह नीलम-बाटा रोड स्थित कांवड़ शिविर में पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और 51 तुलसी के पौधे व फल वितरित किए।

इस अवसर पर ठाकुर शैलेंद्र सिंह ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना सौभाग्य की बात है। भगवान शिव की भक्ति में दूर-दराज से कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा से मन को शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि तुलसी का पौधा सनातन संस्कृति में विशेष महत्व रखता है। तुलसी में अनेक औषधीय गुण भी पाए जाते हैं और यह पर्यावरण के लिए भी उपयोगी है। इसलिए लोगों को अपने घरों और आसपास पौधे लगाने के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सावन महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में कांवड़ियों द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसे लेकर मंदिरों में तैयारियां पूरी हैं और धार्मिक स्थलों पर रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालुओं में सावन महाशिवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

ठाकुर शैलेंद्र सिंह ने सभी श्रद्धालुओं से सावन महाशिवरात्रि पर्व को श्रद्धा, भक्ति और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

इस मौके पर राहुल, कमलेश शास्त्री, देवराज पंडित, नीरज, स्वरूप, अरविंद सहित काफी संख्या में भक्त एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.