फरीदाबाद मॉडल स्कूल में साइबर सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
फरीदाबाद । बच्चों में सोशल मीडिया और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए फरीदाबाद मॉडल स्कूल ने सीनियर विंग के विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया।
कम्युनिटी पुलिसिंग एंड आउटरीच प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला कासंचालन साइबर सेल विभाग के सब-इंस्पेक्टर बसंत कुमार एवं हेड कांस्टेबल जोगिंदर ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की अकादमिक निदेशक श्रीमती शशि बाला, एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के मूल सिद्धांतों, मजबूत पासवर्ड बनाने, डिजिटल फुटप्रिंट, साइबर बुलिंग, सुरक्षित ऑनलाइन गेमिंग, इंटरनेट शिष्टाचार, टू-स्टेप ऑथेंटिकेशन तथा प्राइवेसी सेटिंग्स के महत्व से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने ऑनलाइन दुनिया में अपनाई जाने वाली सावधानियों, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 और 1930के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी।
संवादात्मक सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने व्यावहारिक उदाहरणों सहित समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में अकादमिक निदेशक शशि बाला ने पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से सुरक्षित, सजग एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान किया। यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई।
