खेल, हरित पर्यावरण और आधुनिक कनेक्टिविटी से बदल रही है फरीदाबाद की तस्वीर : कृष्ण पाल गुर्जर

फरीदाबाद। भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिनकी बदौलत भारत आज तीव्र गति से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने आज सेक्टर- 31 स्थित इनडोर स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स, टाउन पार्क और मुंबई वडोदरा एक्सप्रेसवे का निरिक्षण किया। उनके साथ जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल भी मौजूद रहे।  निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सेक्टर-31 स्थित इनडोर स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स का अवलोकन करते हुए कहा कि फरीदाबाद को खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से खेल अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा युवाओं को खेलों से जोडऩे के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इसके उपरांत केंद्रीय मंत्री ने टाउन पार्क का निरीक्षण किया और पार्क में विकसित की गई विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि टाउन पार्क को बने 10 साल हो चुके है इसका फिर नवीनीकरण किया जाएगा ताकि लोग स्वास्थ्यवर्धक वातावरण में समय व्यतीत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि टाउन पार्क फरीदाबाद के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण हरित स्थल के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर के बढ़ते विस्तार के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर मनोरंजन एवं पर्यावरणीय सुविधाएं उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों को पार्क की स्वच्छता, रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।  केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक्सप्रेससवे के साथ लगती ग्रीन बेल्ट पर अधिक से अधिक पेड़ लगाए। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान कर रहा है तथा औद्योगिक, व्यावसायिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकसित किए जा रहे आधुनिक एक्सप्रेसवे और सडक़ नेटवर्क भारत की विकास यात्रा को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, आश्रम-फरीदाबाद एलिवेटेड कॉरिडोर, कालिंदी कुंज मार्ग के उन्नयन तथा ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट से बेहतर कनेक्टिविटी जैसी परियोजनाओं ने फरीदाबाद को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोडऩे का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि आज फरीदाबाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के सबसे तेजी से विकसित होने वाले शहरों में शामिल है और आने वाले वर्षों में यह औद्योगिक, व्यावसायिक तथा आवासीय विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में खेल, पर्यावरण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल शहर की पहचान और मजबूत होगी, बल्कि नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद आने वाले वर्षों में देश के सर्वाधिक विकसित और आधुनिक शहरों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। इस अवसर पर सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.