हरियाणा स्वच्छता सप्ताह के तहत गांवों में चलेंगी विशेष गतिविधियां, सीईओ शिखा ने दिए निर्देश
फरीदाबाद। हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 20 जुलाई तक ‘हरियाणा स्वच्छता सप्ताह-2026’ मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, ठोस व तरल कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देना और जन भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस संबंध में जिला परिषद की सीईओ शिखा ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों और ग्राम सचिवों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान को प्रभावी रूप से चलाने के सख्त निर्देश दिए।
सीईओ शिखा ने बताया कि इस अभियान में सरपंच, सफाई कर्मियों, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ली जा रही है। अभियान के तहत ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता शपथ दिलाई जा रही है और ‘घर-घर दस्तक’ अभियान चलाया जा रहा है। ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के तहत ग्रामीणों को चार रंगों के डस्टबिन-हरा (गीला), नीला (सूखा), लाल (सैनिटरी) और काला (खतरनाक)-के माध्यम से स्रोत पर ही कचरा अलग करने का तरीका सिखाया जा रहा है।
इसके अलावा, गांवों को सिंगल-यूज प्लास्टिक से मुक्त करने और श्रमदान के जरिए नालियों, तालाबों व सार्वजनिक स्थलों को साफ करने का काम किया जा रहा है। अभियान के अंतिम दिन उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में बीडीपीओ बल्लभगढ़ अंशु डागर, बीडीपीओ तिगांव आरती, उपेंद्र सिंह और डीपीएम सहित कई ग्राम सचिव उपस्थित रहे।
