समाजसेविका रानी तिवारी ने पौधारोपण कर दिया हरियाली का संदेश, ‘प्रकृति प्रेम सम्मान’ से भी सम्मानित

फरीदाबाद। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में आयोजित 101 पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान के तहत दिल्ली निवासी समाजसेविका रानी तिवारी ने अपनी पुत्री अंजली तिवारी के साथ फरीदाबाद जिला न्यायालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान में उल्लेखनीय सहयोग एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों के लिए उन्हें ‘प्रकृति प्रेम सम्मान’ से भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के आयोजक अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी ने रानी तिवारी एवं अंजली तिवारी को प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण और सामाजिक योगदान की सराहना की।

गौरतलब है कि 18 जुलाई को फरीदाबाद जिला न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत सुंदरकांड पाठ, 101 पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान, सम्मान समारोह तथा भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद रानी तिवारी और अंजली तिवारी ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि हर व्यक्ति यदि एक पौधे की जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित वातावरण मिल सकता है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.