श्री राधे मित्र मंडल (रजि.) बल्लभगढ़ ने धूमधाम से मनाया राधा रानी का जन्मोत्सव
जन्मोत्सव से पूर्व शिव मंदिर चावला कॉलोनी से निकाली गई 251 कलशों की भव्य शोभायात्रा
फरीदाबाद। राधे मित्र मंडल (रजि.) बल्लभगढ़ द्वारा श्री राधा रानी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अग्रवाल धर्मशाला, बल्लभगढ़ में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर श्री राधा रानी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की और भजन-कीर्तन का आनंद लिया। अधिक जानकारी देते हुए प्रधान मोहित कुमार गुप्ता ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम से पूर्व शिव मंदिर, चावला कॉलोनी से 251 कलशों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़ों, भजनों और जयकारों से पूरा मार्ग राधामय हो गया। श्रद्धालु श्री राधा रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर अभिनंदन किया गया।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में कलश यात्रा में भाग लिया, वहीं युवा एवं अन्य श्रद्धालु भी धार्मिक धुनों पर उत्साहपूर्वक शामिल हुए। मंडल के सदस्यों ने शोभायात्रा की व्यवस्थाओं को संभालते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा। शोभायात्रा के उपरांत श्रद्धालु अग्रवाल धर्मशाला पहुंचे, जहां श्री राधा रानी के जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई और श्री राधा रानी के जन्म की खुशी में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने राधा रानी के भजनों पर भाव-विभोर होकर भक्ति में सहभागिता की। कार्यक्रम के मध्य श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक पं मूल चंद शर्मा, कांग्रेस नेता गिरीश भारद्वाज, राजेश सैनी, उमेश गर्ग, राव राम कुमार, कांग्रेस नेत्री पराग शर्मा, दीपक यादव व सुमित गौड़ मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
