वरिष्ठ समाजसेवी धर्मबीर सिंह नागर का हुआ निधन
फरीदाबाद। तिगांव क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी धर्मबीर सिंह नागर का आज आकस्मिक निधन हो गया। स्व. धर्मबीर सिंह नागर सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक कार्याे में वह अपनी भागेदारी निभाते थे और क्षेत्र के हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सदैव अग्रणीय रहते थे। उनका दाह संस्कार तिगांव स्थित श्मशान घाट में किया गया, जहां तिगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ललित नागर सहित हजारों लोगों ने उनकी अंत्येष्टि में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व विधायक ललित नागर ने बताया कि स्व. धर्मबीर सिंह नागर तिगांव गांव में स्थित अनुपम स्कूल के चेयरमैन थे और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किया।
उनकी सोच थी कि वह बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाएं ताकि भविष्य में वह क्षेत्र, समाज और देशहित में अपना योगदान दे सके। स्व. नागर ने लड़कियों की शिक्षा के लिए भी बहुत कार्य किए और सभी लोगों से वह बच्चों को शिक्षित करने के लिए कहते थे। इतना ही नहीं बल्कि साधनहीन बच्चों को वह निशुल्क शिक्षा भी उपलब्ध करवाते थे, उनकी सोच थी कि अगर सभी शिक्षित होंगे, तभी सही मायने में उन्नत समाज का निर्माण संभव हो पाएगा। उनके आकस्मिक निधन पर क्षेत्र के राजनेताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित गणमान्य लोगों ने गहरा शोक जताते हुए परमपिता परमात्मा से उन्हें अपने चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
