मानसून से पहले एसडीएम त्रिलोक चंद ने वार्ड-22 में नालों का किया औचक निरीक्षण

फरीदाबाद। बरसात के मौसम में जलभराव की रोकथाम और आमजन को राहत देने के लिए उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशन में जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में शनिवार को एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-22 में स्थित प्रमुख नालों का धरातल पर निरीक्षण कर सफाई कार्यों और जल निकासी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
एसडीएम त्रिलोक चंद ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून की पहली बारिश से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सफाई पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि जहां भी नालों में गाद, पॉलीथिन या कचरा जमा है,

उसे तुरंत हटाकर पानी की निकासी को सुचारू किया जाए ताकि जलभराव की नौबत न आए।एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को दफ्तर छोड़ नियमित रूप से फील्ड में रहकर सफाई कार्यों की खुद निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पंपिंग सेट और आवश्यक मशीनरी की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि वर्षा ऋतु के दौरान जनता को कोई असुविधा न हो।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.