आरसेटी बाजार में दिखा ग्रामीण महिलाओं का हुनर और आत्मनिर्भरता का संकल्प

- सीएम हरियाणा के मीडिया कोऑर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ ने रिबन काटकर किया शुभारंभ

फरीदाबाद। केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), फरीदाबाद में मंगलवार को ‘आरसेटी बाजार’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रिबन काटकर आरसेटी बाजार का शुभारंभ किया और ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा एवं मेहनत की सराहना की।

आरसेटी बाजार में संस्थान से विभिन्न बैचों में प्रशिक्षण प्राप्त ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए जूट बैग, कॉस्ट्यूम ज्वेलरी, सॉफ्ट टॉयज, टेडी बियर, हाथी, डॉगी, धूपबत्ती, अगरबत्ती सहित अनेक हस्तनिर्मित एवं उपयोगी उत्पादों को प्रदर्शन और बिक्री के लिए रखा गया। महिलाओं की रचनात्मकता और कौशल से तैयार सॉफ्ट टॉयज तथा आकर्षक कॉस्ट्यूम ज्वेलरी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

मुख्य अतिथि मुकेश वशिष्ठ ने कहा कि आज ग्रामीण महिलाएं अपने हुनर और आत्मविश्वास के बल पर नई पहचान बना रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महिला शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद महिलाओं के उत्पादों को बाजार से जोड़ना बेहद आवश्यक है। आरसेटी बाजार जैसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

उन्होंने कहा, “यह बाजार केवल सामान की बिक्री का स्थान नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के हुनर, मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान है।”

संस्थान के निदेशक पीयूष गोयल ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं में प्रतिभा और हुनर की कोई कमी नहीं है। आरसेटी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने तथा स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण के बाद आत्मविश्वास के साथ अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और स्वयं का रोजगार स्थापित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बृजेश सिंह, एलडीएम फरीदाबाद तथा सतपाल सिंह, एफएलसी फरीदाबाद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रशंसा की और उन्हें स्वरोजगार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.