राममेहर आर्य को मिली भारतीय पंचायत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी
बोले युवा किसान और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर रहेगी पार्टी का फोकस
चंडीगढ़: वर्तमान में आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के अंतरंग सदस्य राममेहर आर्य को भारतीय पंचायत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश यादव द्वारा नियुक्त किया गया है। राममेहर आर्य ने भारतीय पंचायत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश यादव का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रदेश भर में पार्टी को मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय पंचायत पार्टी के मुद्दे किसान, जवान, महिलाओं और विशेष रूप से युवाओं से जुड़े हुए हैं। आज लगभग सभी पार्टियों में जातिवाद, परिवारवाद और क्षेत्रवाद का बोलबाला है लेकिन भारतीय पंचायत पार्टी लोगों के बीच के जमीन से जुड़े हुए लोगों को मौका देकर राजनीति में आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने कहा कि क्या नेता का बेटा ही नेता बन सकता है कोई और नहीं, हमें इसी परिपाटी को बदलना होगा। आज उच्च शिक्षित युवा वर्ग नौकरियों के लिए सड़कों पर धक्के खा रहा है जबकि बहुत से अयोग्य और अशिक्षित नेता जिन पर अनेकों केस दर्ज है।
वे लोग सत्ता संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब समस्याएं हमारी हैं तो उनका समाधान भी हमें स्वयं ढूंढना होगा और इसका एक ही समाधान है कि हमें अपने बीच में से ही हमारी समस्याएं समझने वाले लोगों को नेता चुनना होगा। राममेहर आर्य ने कहा कि वर्तमान में नेता लोगों के खून पसीने के टैक्स से ऐशो-आराम फरमा रहे हैं जबकि आम नागरिक के समक्ष इतनी समस्याएं हैं। उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि इन सब का समाधान निश्चित रूप से भारतीय पंचायत पार्टी करने का कार्य करेगी। भारतीय पंचायत पार्टी विधानसभा की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।
उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग पार्टी से जुड़े और जो लोग जमीन से जुड़े हैं और राजनीति में आगे बढ़ना चाहते हैं, उन्हें भारतीय पंचायत पार्टी अवश्य मौका देगी। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन पार्टियों की संकीर्ण मानसिकता यह है कि यह पार्टियों सोचती हैं कि आज वे सत्ता में है कल दूसरी पार्टी सत्ता में आ जाएगी और यही सोचकर अंदरूनी गठजोड़ कर के रखते हैं लेकिन अब विकल्प के रूप में भारतीय पंचायत पार्टी लोगों के बीच जाकर लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान ढूंढने और जमीनी नेताओं को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।
