फरीदाबाद में प्रॉपर्टी विवाद ने लिया आपराधिक रूप, कई लोगों पर केस दर्ज

फरीदाबाद। फरीदाबाद के भूपानी थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी विवाद ने गंभीर आपराधिक मामला ले लिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कई लोगों के खिलाफ  भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज की है।
शिकायतकर्ता संदीप सिंह भाटी, जो पेशे से अधिवक्ता हैं ने आरोप लगाया है कि उन्होंने बदरपुर सैद गांव में जमीन खरीदकर उस पर दुकानें और टीन शेड बनवाए थे। वे लंबे समय से उस संपत्ति पर काबिज हैं।

शिकायत के अनुसार 9 मार्च 2026 को जब वह अपनी प्रॉपर्टी पर पहुंचे, तो पाया कि वहां बने टीन शेड और दुकानों के ताले तोड़े जा चुके थे। आरोप है कि नामजद और अन्य अज्ञात लोग जबरन संपत्ति में घुस आए और कब्जा करने की कोशिश की।
पीडि़त का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही जबरन धन वसूली और कब्जे का प्रयास भी किया गया।

एफआईआर में नवल सिंह, प्रेम सिंह, ललित गिल, गुरमीत गिल, अरुण गिल, प्रवीण गिल, नवीन गिल, लवीश गिल, प्रणव गिल और विपिन रैवन समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा 8-10 अन्य अज्ञात व्यक्तियों का भी जिक्र है।

भूपानी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के रूप में हेड कांस्टेबल उमेश कुमार को नियुक्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले से चल रहा था विवाद
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि यह विवाद लंबे समय से चल रहा था और पहले भी आरोपियों द्वारा दबाव बनाने और झूठी शिकायतें करने के प्रयास किए गए थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.