फरीदाबाद । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रगति पथ फाउंडेशन, फरीदाबाद द्वारा आईएमटी सेक्टर-70 की सड़क किनारे पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रगति पथ फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता गौतम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण केवल मानव जीवन के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण जीव-जगत के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पौधारोपण के साथ-साथ कचरे के उचित प्रबंधन और जल के सीमित एवं जिम्मेदार उपयोग पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रगति पथ फाउंडेशन की निदेशिका श्रीमती रजनी रानी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाना चाहते हैं तो पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना होगा।
पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. जगदीश गौतम, डॉ. कैलाश, अंजली, रोहित एवं यथार्थ सहित अन्य लोगों ने भी भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।
