फरीदाबाद में बिजली आपूर्ति को लेकर सडक़ पर उतरे लोग, लगाया जाम
फरीदाबाद। पल्ला क्षेत्र में बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बसंतपुर सेहतपुर रोड पर सैकड़ों लोगों ने जाम लगा दिया। लोगों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से उनके घरों में बिजली नहीं पहुंच रही है, जिससे उनका जन-जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थानीय निवासी सुशांत ने बताया कि कॉलोनियों में हर रात करीब 10 बजे बिजली काट दी जाती है और सुबह छह बजे थोड़ी देर के लिए ही सप्लाई आती है। लगातार हो रही कटौती के कारण लोग रात में सो तक नहीं पा रहे हैं। पानी की समस्या भी गंभीर हो गई है और लोगों को बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि कॉलोनियों की बिजली काटकर सेक्टरों को सप्लाई दी जा रही है, जबकि वे भी नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं। बावजूद इसके उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। आक्रोशित लोगों ने अपने दोपहिया वाहन सडक़ पर खड़े कर बसंतपुर-सेहतपुर रोड को कई घंटे तक जाम रखा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि बिजली समस्या को लेकर लोगों ने जाम लगाया था, जिन्हें समझाकर जाम खुलवा दिया गया है। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मामले की सूचना दे दी गई है।
