‘पैडल फॉर टूमौरो’ 2026 साइक्लोथॉन उत्साहपूर्वक संपन्न
मेधावी छात्राओं को साइकिलें भेंट कर दिया सामाजिक सरोकार का संदेश
फरीदाबाद। स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रैडिसन ब्लू ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित वार्षिक साइक्लोथॉन ( पैडल फॉर टूमौरो ) 2026 का पांचवां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, नोएडा वेस्ट तथा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से 300 से अधिक साइक्लिंग उत्साहियों, खिलाडिय़ों एवं फिटनेस प्रेमियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। कार्यक्रम में रैडिसन ब्लू ग्रेटर नोएडा के जनरल मैनेजर अनिर्बान सरकार, होटल प्रबंधन टीम, साइक्लिंग समुदाय के प्रतिनिधि तथा विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। साइक्लोथॉन ने न केवल फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी व्यापक रूप से प्रसारित किया। इस अवसर पर रैडिसन ब्लू ग्रेटर नोएडा के निदेशक एवं पर्यावरण प्रेमी एस.एस. बांगा तथा मीनू बांगा ने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी आधारित ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण एक सामाजिक पहल रही, जिसके अंतर्गत आसपास के झुग्गी एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की चार मेधावी छात्राओं को साइकिलें भेंट की गईं। छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह सहयोग प्रदान किया गया। आयोजकों ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मूल अधिकार है और यह छोटी-सी पहल छात्राओं को अपनी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने तथा उनके सपनों को नई उड़ान देने में सहायक सिद्ध होगी।
रैडिसन ब्लू ग्रेटर नोएडा के जनरल मैनेजर अनिर्बान सरकार ने बताया कि ‘पैडल फॉर टूमौरो’ 2026 का आयोजन लगातार पांचवें वर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, यातायात के दबाव और ईंधन की बढ़ती लागत के बीच साइकिल एक स्वास्थ्यवर्धक, किफायती एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में साइकिल को अधिकाधिक अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सहभागी बनने का आह्वान किया। साइक्लोथॉन के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा सतत विकास के लक्ष्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम ने फिटनेस, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
