कांग्रेस रोष मार्च के दौरान पराग शर्मा और गजना लांबा आपस में भिड़ीं, बीच सड़क पर एक-दूसरे को जड़े थप्पड़
फरीदाबाद। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ फरीदाबाद में कांग्रेस पार्टी द्वारा निकाले गए विरोध मार्च के दौरान एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया। प्रदर्शन के बीच दो महिला कांग्रेस नेता किसी बात पर आपस में भिड़ गईं और देखते ही देखते उनके बीच हाथापाई हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी शहर के राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक के नेतृत्व में ओल्ड फरीदाबाद स्थित चांदी वाली धर्मशाला से पथवारी मंदिर तक पैदल मार्च निकाला जा रहा था। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। मार्च के दौरान बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी रह चुकीं पराग शर्मा पार्टी का बैनर पकड़कर आगे चल रही थीं। उनके साथ पार्टी की अन्य नेत्री गजना लांबा भी मौजूद थीं।
सूत्रों के अनुसार, मार्च के दौरान गजना लांबा आगे निकलने का प्रयास कर रही थीं, जिसको लेकर दोनों महिला नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि पराग शर्मा ने गुस्से में आकर गजना लांबा को थप्पड़ जड़ दिया। इसके जवाब में गजना लांबा ने भी तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पराग शर्मा को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद बीच सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मार्च में शामिल अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हुआ। विवाद को बढ़ता देख जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक और अन्य मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि ‘पैदल मार्च के दौरान भीड़ भाड़ में एक-दूसरे का हाथ लग जाना या मामूली बात पर कहासुनी होना आम है। दोनों महिला नेताओं के बीच जो विवाद हुआ है, उसे पार्टी स्तर पर आपसी बातचीत के जरिए जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।’ बहरहाल, चुनाव आयोग के खिलाफ निकाले गए इस गंभीर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई इस आपसी कलह ने स्थानीय कांग्रेस संगठन को असहज जरूर कर दिया है।
