लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध : प्रवीण बत्रा

महापौर ने किया वार्डाे का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश

फरीदाबाद। नगर निगम महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा है कि फरीदाबाद नगर निगम लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध हैं, प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री नायब सैनी सरकारों ने भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उसमें विकसित फरीदाबाद की अहम भूमिका होगी। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी बुधवार को निगम के वार्ड नंबर 7, 8, 10, 11, 12 तथा 13 के प्रमुख मार्गो, चौक तथा वार्ड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान लोगों से बातचीत कर रही थी।  इस दौरे के दौरान श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने नगर निगम अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि उनके इस दौरे के दौरान जो भी खामियां पाई गई है या फिर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, उनको समय अवधि में पूरा करके रिपोर्ट उनको सौंपी जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में काम के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।  इस दौरान उनके साथ मुख्य रुप से नगर निगम एन आईं टी जॉन के संयुक्त आयुक्त परमजीत चहल, महेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता, करतार दलाल सहायक अभियंता (तोडफोड), इस्तयाक खान, सहायक अभियंता, स्नरूष्ठ्र, नवाब खान सहायक अभियंता हॉर्टिकल्चर, नवीन सहायक अभियंता, अरुण जे ई, आरिफ जे ई तोड़ फोड़, कपिल जे ई तथा अजीत रावत सहायक सफाई निरीक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान वंदे मातरम् चौक के समीप अतिक्रमण पाए जाने पर महापौर ने उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त तिकोना पार्क की ओर जाने वाले नाले की सफाई कराने, खुले नालों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने और आमजन की सुरक्षा हेतु खुले मेनहोल को शीघ्र ढकने के भी निर्देश दिए गए।

महापौर ने लोधी चौक एवं विभिन्न डिवाइडरों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुदृढ़ करने पर बल दिया। डबुआ-पाली रोड के निरीक्षण के दौरान वहाँ पड़े पुराने कचरे और सडक़ किनारे बिखरे स्ट्रीट लाइट के खंभों को लेकर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को इन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने व व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही, क्षतिग्रस्त स्पीड ब्रेकरों की मरम्मत, सीवर लाइनों की नियमित सफाई एवं जल निकासी को सुचारु बनाने के निर्देश भी दिए गए। डिवाइडरों की पेंटिंग करने और उन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने हेतु भी उपस्थित अधिकारियों को पाबंद किया गया।

वार्ड कार्यालय -11 के निरीक्षण के दौरान परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और निर्माण मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। नेहरू कॉलोनी एवं 17 नंबर चुंगी क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की कमियों को दूर करने हेतु नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने को कहा गया। मेयर ने नंगला रोड पर सीवर सफाई व नाली निर्माण तथा हार्डवेयर चौक के समीप इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अंत में, महापौर ने सभी विभागों को इन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और इस संबंध में जल्द से जल्द अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.