अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर निगम आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक, 4 स्थानों पर बनाए जाएंगे प्रबंधन स्थल : यशेंद्र सिंह
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद शहर में अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
इसी कड़ी में निगम आयुक्त श्री यशेंद्र सिंह ने आज प्लानिंग शाखा सहित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।
निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र में जल्द से जल्द 3 से 4 उपयुक्त स्थान चिन्हित किए जाएं, जहां अपशिष्ट प्रबंधन स्थल स्थापित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से शहर से निकलने वाले अपशिष्ट का उचित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर से निकलने वाले अपशिष्ट की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक प्लानिंग तैयार की जाए तथा चिन्हित किए जाने वाले स्थानों पर सभी आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी ध्यान रखा जाए।
इसके अलावा निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने कहा कि बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) के स्तर पर अपशिष्ट के उचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें आयोजित की जाएंगी।
शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में RWA और NGO को निर्देश दिए गए हैं कि गीले कूड़े के स्थानीय स्तर पर निस्तारण को बढ़ावा दिया जाए।*
*इसके तहत पार्कों में पिट्स बनाकर गीले अपशिष्ट से जैविक खाद तैयार की जाए। तैयार खाद का उपयोग उन्हीं पार्कों में पौधों और हरियाली के लिए किया जाएगा।*इससे एक ओर जहां गीले अपशिष्ट का निस्तारण मौके पर ही हो सकेगा, वहीं दूसरी ओर पार्कों की मिट्टी को प्राकृतिक खाद भी मिलेगी*
निगम आयुक्त ने कहा कि अपशिष्ट का स्रोत पर ही उचित प्रबंधन और निस्तारण शहर को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए निगम द्वारा अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, सीटीपी धर्मपाल सिंह, सीनियर आर्किटेक्ट बी.एस. ढिल्लों, कार्यकारी अभियंता मनदीप सिंह तथा एसडीओ लख्मी सिंह तेवतिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
