फरीदाबाद में संदिग्ध हालात में मां-बेटे की मौत, ससुराल पक्ष पर आरोप

फरीदाबाद। अनखीर गांव में एक महिला और उसके बेटे की सदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, महिला और बच्चे का शरीर का रंग नीला पड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने परिजनों के शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही खुलासा हो पाएगा। सुरजकूंड थाना पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान आरती और उसके बेटे हृदय के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल भेजा गया। जहां से पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शवों को परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरती (28) अपने पति निशांत और एक साल के बेटे हृदय के साथ मकान की पहली मंजिल पर रहती थी। निशांत एक निजी अस्पताल में लैब अटेंडेंट के पद पर कार्यरत है।

शनिवार को निशांत ड्यूटी पर गया हुआ था। शाम को घर लौटने पर उसने कमरे में पत्नी और बेटे को बेसुध हालत में पाया। दोनों की मौत हो चुकी थी और उनके शरीर का रंग नीला पड़ चुका था। बताया जा रहा है कि आरती मूल रूप से पावटा गांव की रहने वाली थी। करीब तीन साल पहले उसने निशांत से प्रेम विवाह किया था। दोनों की मुलाकात कॉलेज के दौरान हुई थी और बाद में परिवार की सहमति से शादी हुई थी। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर कर दिया गया जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। पुलिस को यह भी पता चला है कि करीब दो महीने पहले आरती ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया था, जिससे उसकी जान बच गई थी। सुरजकुंड थाना प्रभारी पह्ललाद ने बताया कि महिला के परिवार के लोगों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.