गुमशुदा लडक़ी को तीन दिन में बिहार से सकुशल तलाशा

फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस जहां एक ओर अपराध एवं अपराधियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए तत्परता से जुटी हुई है। इसी क्रम में पुलिस चौकी सेक्टर-15 की टीम ने एक सिक्योरिटी गार्ड की 17 वर्षीय गुमशुदा बेटी को मात्र तीन दिन के भीतर जिला गया बिहार क्षेत्र से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर एक सराहनीय कार्य किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-15 निवासी रामदयाल,

जो कि सिक्योरिटी गार्ड का काम करता हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री 7 जून 2026 को सेक्टर-15 स्थित मदर डेयरी बूथ पर दूध लेने के लिए घर से गई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। बेटी के अचानक लापता होने से परिवार बेहद चिंतित और परेशान था। शिकायत प्राप्त होते ही थाना सेंट्रल में गुमशुदगी संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी सेक्टर-15 के प्रभारी उप निरीक्षक ओम प्रकाश ने प्रधान सिपाही धर्मवीर की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया।

पुलिस टीम ने तत्परता एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए तकनीकी संसाधनों, मोबाइल लोकेशन व अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर जांच कर प्राप्त सुरागों के आधार पर टीम ने बिहार जिला गया में पहुंचकर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। सभी आवश्यक कानूनी एवं औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के पश्चात युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू और चेहरे पर लौटती मुस्कान पुलिस की मेहनत की गवाही दे रही थी। परिजनों ने फरीदाबाद पुलिस, विशेष रूप से पुलिस चौकी सेक्टर-15 की टीम का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अथक प्रयासों के कारण उनकी बेटी सुरक्षित घर लौट सकी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.