सेक्टर-12 कोर्ट परिसर के वकीलों के चेंबर में लगी भीषण आग, धमाके के साथ फटा एसी, रिकॉर्ड जलकर राख
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत परिसर उस समय दहल उठा जब शुक्रवार दोपहर वकीलों की बहुमंजिला बिल्डिंग की 5वीं मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। आग चेंबर नंबर 552 में लगी, जिससे पूरी इमारत में धुआं फैल गया और वकीलों व मुवक्किलों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में हादसे की वजह बिजली के तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे के वक्त चेंबर के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते एक बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया। हालांकि, चेंबर के अंदर रखीं महत्वपूर्ण कानूनी फाइलें, वकालत के दस्तावेज, महंगी किताबें और फर्नीचर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बिजली के शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी सबसे पहले चेंबर की मेज पर रखी फाइलों पर गिरी। कागजात होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया। इसी दौरान चेंबर में लगे विंडो एसी तक लपटें पहुंचते ही उसमें एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आग और ज्यादा भड़क गई। आग की लपटें खिड़की से बाहर निकलने लगीं और चौथी मंजिल तक गहरा धुआं छा गया। आसपास के चेंबरों में मौजूद अधिवक्ताओं ने तुरंत फायर सिलेंडर उठाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-15 फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां तुरंत घटना स्थल पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह शांत किया और उसे अन्य चेंबरों में फैलने से रोका।
मौके पर मौजूद अधिवक्तओं ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे चेंबर नंबर 552 में आग की सूचना मिली थी, जहां अधिवक्ता चंद्र कौशिक बैठते हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं, सेंट्रल थाना प्रभारी रणबीर सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मुस्तैद थीं और समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया। फिलहाल आग के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
