योग को बनाएं अपनी जीवनशैली का हिस्सा : नेहा गर्ग

आरोहन ट्रस्ट ने सेक्टर-9 स्थित मनोरंजन पार्क में किया योग शिविर आयोजित

फरीदाबाद। विश्व योग दिवस की पूर्व संध्या पर आरोहन ट्रस्ट फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-9 स्थित मनोरंजन पार्क में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योग गुरु अरविंद जी के मार्गदर्शन में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया। योग गुरु अरविंद जी ने उपस्थित लोगों को नियमित योग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर आरोहन ट्रस्ट की अध्यक्ष नेहा गर्ग ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वस्थ आयु  के महत्व पर विशेष जोर दिया है। उसी भावना का अनुसरण करते हुए ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष योग दिवस मनाया जा रहा है। नेहा गर्ग ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वैसे तो ट्रस्ट के सदस्य नियमित रूप से योग करते हैं, लेकिन विश्व योग दिवस का अवसर प्रत्येक भारतीय के लिए विशेष गौरव का विषय होता है, क्योंकि इस दिन पूरा विश्व भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर को अपनाता है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन की गतिविधि न मानकर अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं। स्वस्थ और सक्रिय जीवन ही एक विकसित, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। योग व्यक्ति को न केवल रोगों से दूर रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। इस अवसर पर अरुण बजाज, अमर बंसल, सुरेंद्र बंसल, हरीश सिंगला, अजय भाटिया, श्याम सुंदर, ज़िले सिंह, दिनेश शर्मा, नलिन सचदेवा, राकेश बंसल, संजीव चितकारा, राजेश सिंगला, अमित भाटी, सतीश गोयल, अजय कात्याल, प्रदीप मोर, पंकज गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग करने के संकल्प के साथ हुआ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.