लायंस क्लब फरीदाबाद ओल्ड ने वृक्षारोपण से दिया हरित भविष्य का संदेश
फरीदाबाद। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-1 के अंतर्गत लायंस क्लब फरीदाबाद ओल्ड ने अपने स्वर्ण जयंती वर्ष 1977-2027 तथा लायनिस्टिक वर्ष 2026-2027 का शुभारंभ एक प्रेरणादायी वृक्षारोपण सेवा परियोजना के माध्यम से किया। यह पर्यावरण संरक्षण अभियान वरिष्ठ लायन नेता लायन आर. के. चिल्लाना के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में आयोजित किया गया। क्लब के अध्यक्ष लायन सुरेश मदान ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल की शुरुआत सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित इस परियोजना से करते हुए कहा कि क्लब का लक्ष्य जुलाई 2026 से मार्च 2027 तक फरीदाबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 1000 से अधिक पौधों का रोपण एवं संरक्षण करना है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संदीप दहिया एसई, एचएसवीपी फरीदाबाद ने वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि लायंस क्लब फरीदाबाद ओल्ड समाज के लिए अत्यंत सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में आवश्यकता पडऩे पर हरियाणा सरकार की ओर से अधिक से अधिक फलदार एवं औषधीय पौधे उपलब्ध कराने में पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने स्वयं भी इस पुनीत अभियान से निरंतर जुड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया।
क्लब के सचिव लायन जयदीप कत्याल ने स्वयं 10 से अधिक पौधों का रोपण कर सभी सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित किया तथा इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कोषाध्यक्ष लायन विनीत गर्ग ने एक प्रेरणादायी पहल की घोषणा करते हुए कहा कि जुलाई से मार्च तक क्लब का प्रत्येक सदस्य अपने परिवार के प्रत्येक जन्मदिवस पर कम से कम दो पौधे लगाएगा तथा उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करेगा। उन्होंने कहा कि यही सच्ची सेवा और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। मार्केट कमेटी फरीदाबाद के चेयरमैन सुभाष आहूजा ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए कहा कि वृक्षारोपण से दिन की शुरुआत करना अत्यंत सकारात्मक एवं ऊर्जावान अनुभव है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान लायन आर के चिलाना संग क्लब के उपस्थित सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। उपस्थित सभी सदस्यों ने यह भी संकल्प लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे एक विशाल वृक्ष के रूप में विकसित किया जाएगा। लायंस क्लब फरीदाबाद ग्रेटर यूथ से उपस्थिति लायन ललित मोहन अग्रवाल ने भी पेड़ लगा कर एक पेड़ मां के नाम मुहिम में योगदान किया। लायंस क्लब फरीदाबाद ओल्ड का यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में सेवा, जागरूकता एवं हरित सोच को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायी प्रयास भी है। क्लब का विश्वास है कि सामूहिक प्रयासों से फरीदाबाद को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण.अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।
