अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में छात्रवृत्ति योजनाओं एवं प्रवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम का शुभारंभ

बल्लभगढ़ । विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ की गवर्निंग बॉडी के चेयरमैन देवेन्द्र कुमार गुप्ता द्वारा अनेक छात्रहितैषी योजनाओं की घोषणा की गई है।  इसी क्रम में महाविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय लाला रतन सिंह गुप्ता की पावन स्मृति में “लाला रतन सिंह गुप्ता छात्रवृत्ति योजना” का शुभारंभ किया गया है। इस योजना के अंतर्गत अग्रवाल पब्लिक स्कूल से 12वीं उत्तीर्ण कर अग्रवाल कॉलेज में यूजी (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 30 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, अग्रवाल कॉलेज के यूजी विद्यार्थी जो इसी संस्थान में पीजी (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेंगे, उन्हें भी 30 प्रतिशत छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।महाविद्यालय द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजनाएँ भी लागू की गई हैं।
बी.एस.सी. नॉन-मेडिकल पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त विद्यार्थियों के लिए छात्राओं की फीस मात्र ₹5000 तथा छात्रों की फीस ₹6000 निर्धारित की गई है। इसके अलावा एम.ए. (MA) एवं एम.एससी. (M.Sc.) पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं एम.बी.ए. (MBA), एम.सी.ए. (MCA) एवं एम.कॉम. (M.Com.) में प्रवेश लेने वाले 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त विद्यार्थियों को 30 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। महाविद्यालय के अन्य विभिन्न पाठ्यक्रमों में भी योग्य एवं मेधावी विद्यार्थियों के लिए आकर्षक छात्रवृत्ति योजनाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए महाविद्यालय की नोडल अधिकारी (प्रवेश), डॉ. प्रियंका सहरावत, ने बताया कि हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर प्रवेश आवेदन भरने की अंतिम तिथि 15 जून है। इसके पश्चात 16 जून से मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर चेयरमैन देवेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी क्षमता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना भी है। उन्होंने कहा कि कोई भी विद्यार्थी आर्थिक कठिनाइयों के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए महाविद्यालय निरंतर प्रयासरत है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. एस. वशिष्ठ ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इन छात्रवृत्ति योजनाओं तथा प्रवेश प्रोत्साहन कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसी पहलें विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करेंगी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
“शिक्षा के माध्यम से सशक्त युवा, सशक्त राष्ट्र” के संकल्प के साथ अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.