जीवा पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस
फरीदाबाद। फरीदाबाद सैक्टर 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और गुरु-शिष्य संबंध की गरिमा को समर्पित जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का आयोजन हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, उनके कर्मयोग एवं जीवन-मूल्यों से परिचित कराने के साथ-साथ शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं विधिवत् पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस पावन अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव एवं प्रधानाचार्या डॉ. नरजीत कौर, संस्थान के यंग डायरेक्टर्स मधुसूदन चौहान, सुश्री काजल चौहान सहित विद्यालय की संयोजिकाएं भी उपस्थित रहीं।
आज के कार्यक्रम में अभिभावक भी उपस्थित रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर छात्रों ने विविध प्रस्तुतियाँ दीं। छात्रों ने एक मनमोहक नृत्य भी प्रस्तुत किया। सुंदर भजन भी प्रस्तुत किया, इसके साथ-साथ नन्हे विद्यार्थियों की कृष्ण-लीला, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण के संदेश कर्तव्य, प्रेम, सत्य, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शिक्षक दिवस भी मनाया गया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए एक लघु नाटिका प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भूमिका को केवल ज्ञान प्रदान करने वाले व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और जीवन-निर्माता के रूप में प्रस्तुत किया।
अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने श्रीकृष्ण एवं शिक्षकों के विषय में इस अवसर पर कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने जीवन और शिक्षाओं के माध्यम से कर्म, कर्तव्य, सत्य और धर्म का मार्ग दिखाया। उसी प्रकार एक शिक्षक भी अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करता है।
