जैजू ठाकुर ने ‘हल’ देकर किया कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का स्वागत

कृषि मंत्री को दिया महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित कार्यक्रम का निमंत्रण

फरीदाबाद। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का महाराणा प्रताप भवन बल्लभगढ़ में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष जैजू ठाकुर व समाजसेवी प्रताप भाटी के संयोजन में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कृषि मंत्री श्री राणा को राजपूत समाज की ओर से ‘हल’ का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया और उन्हें आगामी 9 मई को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर अंबाला के साहा में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया। इस निमंत्रण को कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने सहर्ष स्वीकारते हुए समाज के लोगों को विश्वास दिलाया कि वह इस कार्यक्रम में अवश्य शामिल होंगे।

कृषि मंत्री राणा ने कहा कि महाराणा प्रताप हमारे देश के एक ऐसे वीर राजा रहे हैं जिनकी वीरता की कहानियां आज भी हमारे खून में उबाल ले आती हैं। उन्हें पूरे देश में उनकी वीरता, देशभक्ती और शौर्य के लिए जाना जाता है और बच्चे तक उनकी वीरता की कहानियों से अवगत हैं। श्री राणा ने कहा कि महाराणा प्रताप ने अकबर की सेना के खिलाफ हल्दीघाटी के युद्ध में जो वीरता दिखाई थी, वो आज भी लोगों को प्रेरित करती है। कृषि मंत्री श्री राणा ने समाज के सभी वर्गाे से आह्वान किया कि वह ऐसे महापुरुष की जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी भागेदारी निभाएं।

इस अवसर पर जैजू ठाकुर व प्रताप भाटी ने संयुक्त रुप से कहा कि इस कार्यक्रम में फरीदाबाद से राजपूत समाज के साथ-साथ सर्व समाज के लोग हजारों की संख्या में अंबाला पहुंचकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने का काम करेंगे। इस मौके पर भाजपा नेत्री श्रीमती नीरा तोमर, शारदा राठौर, ठाकुर राजाराम, किसान मोर्चा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र गौड़, पवन अग्रवाल, तनुज भाटी, हरेंद्र राणा सहित समाज के अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.