अस्पताल कर्मियों ने एम्बुलेंस को लगाया धक्का, इमरजेंसी सेवाओं पर उठे सवाल
फऱीदाबाद। जिले का सबसे बड़ा सिविल अस्पताल एक बार फिर अपनी व्यवस्थाओं को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है। अस्पताल में मौजूद एम्बुलेंस की हालत इतनी खराब है कि उसे स्टार्ट करने के लिए कर्मचारियों को धक्का लगाना पड़ रहा है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो मंगलवार शाम का है। जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही एम्बुलेंस वही है, जिसका इस्तेमाल सिविल अस्पताल से मरीजों को इमरजेंसी में दूसरे बड़े अस्पतालों में रेफर करने के लिए किया जाता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल के कुछ कर्मचारी एम्बुलेंस को धक्का मारकर स्टार्ट करने की कोशिश कर रहे हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि अगर किसी गंभीर मरीज को तुरंत रेफर करना पड़े तो ऐसी हालत में एम्बुलेंस कैसे समय पर मरीज को अस्पताल तक पहुंचा पाएगी। हैरानी की बात यह भी है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले ही देर शाम कई बड़े अधिकारियों ने सिविल अस्पताल का दौरा किया था। इस दौरान अस्पताल में मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया और कई खामियों को जल्द ठीक करने के निर्देश भी दिए गए थे। अधिकारियों की इस चेतावनी के बावजूद एम्बुलेंस की ऐसी हालत सामने आना अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
इस मामले को लेकर हरियाणा के डायरेक्टर जनरल हेल्थ मनीष बंसल से सवाल किया गया तो उन्होंने इस वीडियो की जानकारी न होने की बात कही। उन्होंने इस मामले पर फिलहाल कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि लोगों का मानना है कि स्वास्थ्य विभाग को इस मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए और अस्पताल की एम्बुलेंस सहित अन्य व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाना चाहिए ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल यह वीडियो सामने आने के बाद सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं और अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
