होटल में नकली नोट छापते आईटी इंजीनियर काबू, 500 और 100 रुपए के नकली नोट मिले

फरीदाबाद। थाना सूरजकुंड पुलिस ने सोमवार को एक होटल में कार्रवाई के दौरान नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान, नकली नोट और अन्य उपकरण बरामद किए है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल सरोवर पोर्टिको के एक कमरे में कुछ संदिग्ध सामान रखा हुआ है, जिसका इस्तेमाल नकली नोट तैयार करने में किया जा सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कमरे में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद पुलिस ने कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले विशेष कागज, 500 रुपए का एक नकली नोट और 100 रुपए के 10 नकली नोट मिले। इसके अलावा नकली नोट बनाने से संबंधित अन्य सामग्री भी बरामद हुई।

पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया। जांच के दौरान होटल के रजिस्टर और बुकिंग रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि कमरा सेक्टर-17 निवासी विनायक झा ने बुक कराया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बेंगलुरु के एक इंस्टीट्यूट से पासआउट है और नोएडा स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में आईटी क्षेत्र में कार्यरत है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट बनाने का यह काम कब से चल रहा था, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह सामान कहां से लाया गया।

साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतने शिक्षित होने के बावजूद आरोपी इस तरह के मामले में कैसे शामिल हुआ। सूरजकुंड थाना पुलिस ने विनायक झा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बरामद लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। इससे यह पता लगाया जाएगा कि पहले भी नकली नोट तैयार किए गए थे या नहीं। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से इस मामले का खुलासा हुआ है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.