विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में इन्वेटिस्चर सेरेमनी का हुआ आयोजन
फरीदाबाद। विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-2 शाखा में आज इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करना था। इस बार स्कूल ने एक अनूठी पहल करते हुए हेड बॉय, हेड गर्ल और सभी हाउस कैप्टन का चुनाव पूरी तरह से लोकतांत्रिक तरीके से वोटिंग के माध्यम से कराया। सभी छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने प्रतिनिधियों को चुना। वोट डालने से पहले सभी बच्चों को चुनाव प्रक्रिया की विशेष ट्रेनिंग दी गई, ताकि वे समझ सकें कि सही उम्मीदवार का चयन कैसे किया जाता है और एक-एक वोट का क्या महत्व होता है। शिक्षकों ने बताया कि इसका उद्देश्य बच्चों को भविष्य का जागरूक नागरिक बनाना है, जो बड़े होकर देश के चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। चुनाव परिणाम में कक्षा 10-ए के प्रतीक को हेड बॉय और कक्षा 10-बी की कशिश को हेड गर्ल के रूप में चुना गया। दोनों ने भारी मतों से जीत हासिल की।
इसके अलावा चारों हाउस के कैप्टन भी घोषित किए गए। महानदी हाउस की कैप्टन कक्षा 9-बी की आशी, कृष्णा हाउस की कैप्टन 9-बी की गीतांजलि, यमुना हाउस की कैप्टन 9 की ख्याति और गंगा हाउस की कैप्टन 9 की रुश्वी बनीं। वहीं स्पोर्ट्स के क्षेत्र में कक्षा 10-बी के लक्ष्य को स्पोर्ट्स कैप्टन (बॉयज) और कक्षा 10-बी की तनुल को स्पोर्ट्स कैप्टन (गर्ल्स) चुना गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के चेयरमैन धर्मपाल यादव, डायरेक्टर सुनीता यादव प्रिंसिपल श्वेता द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया गया और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्रिंसिपल श्वेता ने कहा कि पद मिलना बड़ी बात नहीं, बल्कि उस पद की जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाना बड़ी बात है। डायरेक्टर सुनीता यादव ने सभी विजेता बच्चों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि जो संस्कार और लोकतांत्रिक शिक्षा वे यहां से सीख रहे हैं, उसे वे जीवन भर आगे बढ़ाएं और अन्य बच्चों को भी मोटिवेट करें। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा।
