भारत में सूचना क्रांति स्व. राजीव गांधी की देन : बलजीत कौशिक
कांग्रेसी नेताओं ने दी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि
फरीदाबाद। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि आज फरीदाबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने श्रद्धापूर्वक मनाई। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक व उनकी टीम ने ओल्ड फरीदाबाद स्थित स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा को गंगाजल से साफ करके उस पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले बलजीत कौशिक व उनकी टीम दिल्ली स्थित वीर भूमि पहुंची और वहां पर स्व. राजीव गांधी के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए और श्रीमती सोनिया गांधी, सांसद एवं प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े व वरिष्ठ कांग्रेस जनों से मुलाकात की।
उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बलजीत कौशिक ने कहा कि राजीव गांधी भारत में सूचना क्रान्ति के जनक माने जाते हैं। देश के कम्प्यूटराइजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रान्ति का श्रेय उन्हें जाता है। इतना ही नहीं बल्कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत रिजर्वेशन दिलवाने का काम उन्होंने ही किया। श्री कौशिक ने कहा कि मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार राजीव गांधी ने दिलवाया। उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में राजीव गांधी के सहयोग को नकारा नहीं जा सकता, आज भारत देश जो उन्नति के शिखर पर पहुुंचा है,
उसकी नींव राजीव गांधी द्वारा ही रखी गई थी। श्री कौशिक ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्व. राजीव गांधी के सपनों को साकार करने में जुटे है और उन्नत भारत निर्माण में अपना योगदान दे रहे है क्योंकि कांग्रेस पार्टी इस देश के विकास के लिए सदैव समर्पित रही है और समर्पित रहेगी। इस मौके पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के आदर्शो पर चलने का संकल्प लेते हुए देश व समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर हरियाणा विचार विभाग के चेयरमैन विनोद कौशिक, जिला उपाध्यक्ष वेदप्रकाश यादव, रेनू चौहान, जिला महासचिव मुकेश डागर, सुनीता फागना, जिला सचिव एन.के. शर्मा, मोहसिन खान, वेदराम यादव, विकास फागना, प्रेम यादव, सीबी यादव, मनीष बौद्ध, यूनिस खान, महेन्द्र यादव, मेहरचंद पाराशर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
