मुजेसर अंडरपास की राह में आए दर्जनों अवैध निर्माणों को एचएसवीपी ने किया जमींदोज, मस्जिद को मिली दो दिन की मोहलत

फरीदाबाद। सेक्टर-24 स्थित मुजेसर गांव के आजाद नगर इलाके में गुरुवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का ‘पीला पंजा’ जमकर चला। निर्माणाधीन अंडरपास के मार्ग में बाधा बन रहे दर्जनों अवैध निर्माणों और दुकानों को विभाग ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी तरह जमींदोज कर दिया। दिनभर चली इस कार्रवाई के दौरान दर्जनों अवैध निर्माणों को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल रहा।
कार्रवाई के दौरान एक समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब बुल्डोजर के सामने एक चालू ट्रांसफार्मर आ गया। करंट दौड़ने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कुछ देर के लिए काम रोका। बिजली विभाग द्वारा क्षेत्र की बिजली काटने के बाद ही एचएसवीपी के दस्ते ने दोबारा मोर्चा संभाला। इसके बाद बुल्डोजर ने बिना रुके सड़क किनारे बनी पक्की दुकानों को तहस-नहस कर दिया।

कई दुकानदार कार्रवाई के बीच अपना बचा-कुचा सामान निकालते हुए भी नजर आए।
जैसे ही तोड़-फोड़ का दस्ता मस्जिद के करीब पहुँचा, स्थानीय लोगों और मस्जिद प्रबंधन ने अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा। लोगों ने मांग की कि मस्जिद का जो हिस्सा अंडरपास की जद में आ रहा है, उसे हटाने के लिए उन्हें दो दिन का समय दिया जाए। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे विकास कार्य में बाधक नहीं बनेंगे और निर्धारित समय के भीतर खुद ही निशान के मुताबिक मस्जिद का हिस्सा हटा लेंगे। जनभावनाओं को देखते हुए एचएसवीपी के अधिकारियों ने मस्जिद पक्ष को दो दिन की मोहलत दे दी है।

मौके पर मौजूद एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता (जेई) ने बताया कि इस क्षेत्र में जनता की सुविधा के लिए अंडरपास का निर्माण किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन निर्माणों को हटाने के लिए विभाग की ओर से करीब 6 महीने पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे, लेकिन लोगों ने समय रहते कब्जा नहीं हटाया। अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि सरकारी प्रोजेक्ट के रास्ते में आने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल तोड़फोड़ के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.