फरीदाबाद के पर्यटन केंद्रों पर बिखरेगा होली का रंग: 28 फरवरी से शुरू होगा पांच दिवसीय ‘रंगोत्सव 2026’

- कैबिनेट मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा ने किया पोस्टर लॉन्च  - सूरजकुंड और बड़खल सहित पांच कॉम्प्लेक्स में होगा भव्य आयोजन

फरीदाबाद/चंडीगढ़। हरियाणा के पर्यटन स्थलों पर इस बार होली का जश्न ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रदेश सरकार की नई पहल के तहत फरीदाबाद सहित प्रदेश के 22 टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में 28 फरवरी से 4 मार्च तक पांच दिवसीय ‘रंगोत्सव 2026’ मनाया जाएगा। विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने वीरवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में इस उत्सव का पोस्टर लॉन्च किया।

फरीदाबाद के इन केंद्रों पर मचेगी होली की धूम
पर्यटन मंत्री ने बताया कि ‘रंगोत्सव’ के लिए फरीदाबाद जोन में विशेष तैयारियां की गई हैं। शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में सूरजकुंड टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, बड़खल लेक मोटल, अरावली गोल्फ कोर्स, मैगपाई टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स और बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह पैलेस को इस उत्सव के लिए पूरी तरह तैयार किया गया है। इन केंद्रों पर स्थानीय निवासी, परिवार, कॉर्पोरेट ग्रुप, आरडब्ल्यूए और विभिन्न एसोसिएशन सुरक्षित एवं आनंदमय वातावरण में होली का लुत्फ उठा सकेंगे।

क्या होगा खास? डीजे, रेन डांस और आर्गेनिक गुलाल
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि रंगोत्सव 2026 में प्रतिदिन डीजे, हरियाणवी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रेन डांस जोन, आर्गेनिक कलर जोन और किड्स प्ले जोन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही पारंपरिक होली के रंग बिखेरने के लिए लोक कला अनुसार फाग व रागनी का भी विशेष आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला, दिवाली मेला और मैंगो मेले की अपार सफलता के बाद अब ‘रंगोत्सव’ के माध्यम से आमजन को पर्यटन केंद्रों से जोड़ने की यह एक नई पहल है। इस बार होली पर कार्यक्रमों की ऐसी श्रृंखला तैयार की गई है, जिससे लोग संगीत, नृत्य और बेहतरीन खान-पान का एक साथ आनंद ले सकें।

डिजिटल हुई जानकारी, क्यूआर कोड लॉन्च
इस उत्सव को आधुनिक और सुलभ बनाने के लिए विभाग ने एक क्यूआर कोड भी लॉन्च किया है। इसे स्कैन करते ही आमजन को आयोजन स्थल, समय और वहां उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी मिल जाएगी। पोस्टर लॉन्चिंग के इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता और महाप्रबंधक ममता शर्मा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.