फरीदाबाद में पुलिस एनकाउंटर में हिस्ट्रीशीटर घायल

फरीदाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी की वारदातों में वांछित हिस्ट्रीशीटर अपराधी सोनू को गिरफ्तार कर किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-85 और अपराध शाखा सेंट्रल की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह की। पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ आईएमटी से मच्छगर गांव जाने वाले रास्ते पर हुई।

क्राइम ब्रांच एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि घरों में चोरी की वारदातों में वांछित आरोपी सोनू क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर अपराध शाखा की टीम ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को बाइक पर आते हुए देखा और उसे रुकने का इशारा किया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने मच्छगर गांव में रहने वाले एक दोस्त से मिलकर वापस दिल्ली जा रहा था। जब क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

एसीपी वरुण दहिया के अनुसार, आरोपी ने पुलिस पर चार राउंड फायर किए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के दौरान पुलिस की एक गोली सीधे आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह बाइक से गिरकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया और हिरासत में ले लिया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी से उसके आपराधिक नेटवर्क, साथियों और हाल ही में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार सोनू एक शातिर और हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। वह थाना पल्ला क्षेत्र में घरों में चोरी के मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ नोएडा सहित विभिन्न स्थानों पर गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी, लूटपाट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसकी गिरफ्तारी से कई मामलों के खुलासे होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.