सेक्टर-7 चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल 2500 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

फरीदाबाद। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शनिवार को सेक्टर-7 पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल रणबीर को 2,500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी पर एक युवक से उसकी बाइक वापस दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सोमदत्त नामक युवक की बाइक 4 मई को सेक्टर-7 क्षेत्र से गायब हो गई थी। बाइक फाइनेंस पर थी। बताया जा रहा है कि उसकी कुछ किस्तें बकाया थीं। बाइक नहीं मिलने पर सोमदत्त ने सेक्टर-7 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि बाइक चोरी नहीं हुई थी, बल्कि फाइनेंस कंपनी के लोगों ने बकाया किस्तों के चलते उसे उठाकर सीकरी के पास स्थित अपने यार्ड में खड़ा कर दिया था। इसके बाद हेड कांस्टेबल रणबीर बाइक को यार्ड से निकलवाकर सेक्टर-7 चौकी ले आया और इसकी जानकारी सोमदत्त को दी। आरोप है कि जब सोमदत्त अपनी बाइक लेने चौकी पहुंचा तो हेड कांस्टेबल रणबीर ने बाइक वापस देने के बदले पैसों की मांग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पिछले तीन से चार दिनों से लगातार उससे रुपए मांगे जा रहे थे।

पुलिसकर्मी की इस मांग से परेशान होकर सोमदत्त ने शुक्रवार शाम एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। शनिवार को टीम ने सोमदत्त को 2,500 रुपए देकर सेक्टर-7 चौकी भेजा। जैसे ही हेड कांस्टेबल रणबीर ने शिकायतकर्ता से पैसे लेकर अपनी जेब में रखे, पहले से चौकी के बाहर मौजूद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.