26 अप्रैल को फरीदाबाद में 80 केंद्रों पर होगी HCS प्रारंभिक परीक्षा, 22,776 परीक्षार्थी लेंगे भाग : एडीसी

- एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक

फरीदाबाद । अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने जिला फरीदाबाद में आगामी 26 अप्रैल को हरियाणा लोक सेवा आयोग, पंचकुला द्वारा ‘HCS (Ex. Br.) एवं अन्य अलाइड सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में सेंटर सुपरवाइजर्स, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा तकनीकी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि जिले में कुल 80 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें लगभग 22,776 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी, जिसमें पहला सत्र प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरा सत्र सायं 03:00 बजे से 05:00 बजे तक होगा।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने सेंटर सुपरवाइजर्स को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का समय रहते निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल तक सभी केंद्रों की इंफ्रास्ट्रक्चर रिपोर्ट निर्धारित फॉर्मेट में अनिवार्य रूप से जमा करवाई जाए, जिसमें बिजली, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का पूरा विवरण शामिल हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और फ्रिस्किंग व्यवस्था पर चर्चा की गयी। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि प्रत्येक 80 अभ्यर्थियों पर एक बायोमेट्रिक मशीन तैनात की जाएगी तथा अतिरिक्त मशीनों की व्यवस्था भी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की देरी न हो।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सभी कैमरों की कार्यशीलता को पहले ही जांच लिया जाए ताकि परीक्षा के दिन कोई तकनीकी समस्या न आए। उन्होंने यह भी कहा कि 25 अप्रैल को मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें बायोमेट्रिक, फ्रिस्किंग और कैमरा सिस्टम की पूरी जांच की जाएगी तथा संबंधित स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सभी सेंटर सुपरवाइजर्स से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हुए समय पर सभी तैयारियां पूरी करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारी को सूचित करें, ताकि परीक्षा को सुचारू, पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया जा सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.