हरियाणा महिला स्वर्णकार संगठन ने मनाया ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ व तीज महोत्सव, बोर्ड गठन की उठी मांग

फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हरियाणा महिला स्वर्णकार संगठन द्वारा सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ एवं तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं संगठन की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह की अध्यक्षता फरीदाबाद जिलाध्यक्ष डॉ.अनीता सोनी एवं बल्लभगढ़ सुनार समाज के अध्यक्ष कन्हैयालाल वर्मा ने की। मुख्य अतिथि सुनीता वर्मा ने समाज के हितों की रक्षा के लिए ‘हरियाणा स्वर्ण कला बोर्ड’ के गठन तथा महाराजा अजमीढ़ देव की जयंती राज्य स्तर पर मनाने की मांग रखी। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के लिए जल्द ही विशाल शिविर आयोजित करने की घोषणा की।

इस अवसर पर कवि दिनेश रघुवंशी, सुरेंद्र यादवेंद्र (राजस्थान), डॉ.अनीता सोनी और अशोक वर्मा ने देशभक्ति एवं हास्य की शानदार काव्य प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिलाध्यक्ष डॉ.अनीता सोनी ने महिलाओं की राजनीति में भागीदारी पर जोर दिया तथा शादी से पूर्व ‘प्री-वेडिंग शूट’ जैसी गतिविधियों का सामाजिक स्तर पर विरोध करने की बात कही।
प्रदेश महासचिव एडवोकेट सपना वर्मा ने पारिवारिक विवादों के निपटारे के लिए कानूनी सहायता व काउंसलिंग सेल बनाने की जानकारी दी। कन्हैयालाल वर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए स्मृति चिह्न प्रदान किए। कार्यक्रम में यूपी के विधायक विनय वर्मा के भाई हरीश वर्मा, हिसार चेयरमैन रीमा सोनी, रामौतार सोनी, रघुनाथ वर्मा, पूर्व सहायक एडवोकेट जनरल विकास वर्मा, सुरेश वर्मा और सचिन वर्मा सहित प्रदेशभर से सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.