लिफ्ट दुर्घटना में घायल चेतन शर्मा को हरियाणा मीडिया वेलफेयर क्लब ने दी आर्थिक सहायता
फरीदाबाद। फरीदाबाद से हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून यात्रा पर निकले पत्रकारों के साथ ऋषिकेश के होटल में लिफ्ट टूटने से हुए हादसे में घायल चेतन शर्मा को हरियाणा मीडिया वेलफेयर क्लब की ओर से 25 हजार रुपए की सहायता राशि भेंट की गईं। क्लब के प्रदेश अध्यक्ष राकेश देव ने कहा कि हमारे क्लब के साथियों का एक टूर ऋषिकेश, देहरादून एवं हरिद्वार की यात्रा पर गया था। ऋषिकेश में होटल की लिफ्ट गिरने से हमारे क्लब के 8-9 साथी जो लिफ्ट में सवार थे घायल हो गए।
इस घटना में हमारे साथी चेतन शर्मा के पैर में फ्रैक्चर आ गया था। ऑपरेशन के बाद उसको अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह कई दिन तक बेड रेस्ट पर होगा। क्लब ने उसकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वीरवर को 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। प्रदेश महासचिव राजेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे क्लब के जो भी साथी घायल हुए हैं, सभी को हरसंभव मदद की जाएगी। ऋषिकेश में होटल की लिफ्ट का टूट जाना दुखद घटना थी और हम प्रभु से प्रार्थना करते हैं कि सभी साथी स्वस्थ होकर अपने कार्य पर जल्दी लौटें।
इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष किशोर शर्मा ने चेतन एवं अन्य साथियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की और प्रदेश सरकार से लिफ्ट दुर्घटना में घायल पत्रकारों को उचित सहायता की माँग की। उन्होंने कहा कि इस संकट की स्थिति में अन्य लोगों को भी सहायता के लिए आगे आना चाहिए। हरियाणा मीडिया वेलफेयर क्लब हमेशा पत्रकारों के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। क्लब के सदस्य चेतन शर्मा ने आर्थिक सहयोग के लिए हरियाणा मीडिया वेलफेयर क्लब की प्रदेश कमेटी, जिला कार्यकारिणी का आभार व्यक्त किया और कहा कि क्लब के पदाधिकारियों की तरफ से उनको पूर्ण सहयोग मिलता रहा है।
