अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में हिंदी विभाग द्वारा अतिथि व्याख्यान का आयोजन
बल्लभगढ़। अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में हिंदी विभाग द्वारा बी ए और एम ए हिंदी के विद्यार्थियों को साहित्य संबंधी गहन जानकारी देने के उद्देश्य से डॉ प्रतिभा चौहान (सहायक प्रवक्ता, पंडित जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट महाविद्यालय) द्वारा “हिंदी साहित्य में निहित नैतिक मूल्य एवं प्रासंगिकता” विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन करवाया गया। देवेंद्र कुमार गुप्ता (अध्यक्ष, अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ गवर्निंग बॉडी) एवं दिनेश कुमार गुप्ता( महासचिव, अग्रवाल कॉलेज गवर्निंग बॉडी ) की सदप्रेरणा से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अनेकानेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
अग्रवाल कॉलेज कार्यवाहक प्राचार्य डॉ सी एस वशिष्ठ के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथि स्वागत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने अपने वक्तव्य में कहा कि हिंदी साहित्य केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और शाश्वत नैतिक मूल्यों का जीवंत दस्तावेज है। कबीर, तुलसी, और प्रेमचंद का साहित्य आज के आधुनिक और तकनीकी युग में भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना सदियों पहले था।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि जब समाज में नैतिक मूल्यों का क्षरण हो रहा हो, तब साहित्य ही हमें करुणा, सत्य, न्याय और आपसी सौहार्द का मार्ग दिखाता है। युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और एक संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए साहित्य का अध्ययन अत्यंत आवश्यक है।” इस व्याख्यान में लगभग 75 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और प्रश्नों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम संयोजिका डॉ मधु सिंगला के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का सफल मंच संचालन राजेंद्र यादव द्वारा किया गया। सहायक प्रवक्ता आशीष सिंह एवं वर्षा भारद्वाज सभी के प्रयासों से यह व्याख्यान सफल एवं सार्थक सिद्ध हुआ।
