ग्रीन बेल्ट को बनाया जाएगा ऑक्सीजन कॉरिडोर, प्रदूषण नियंत्रण को मिलेगी मजबूती : विपुल गोयल

विश्व पर्यावरण दिवस पर कैबिनेट मंत्री ने किया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत

फरीदाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फरीदाबाद के सेक्टर-7 एवं सेक्टर-14 में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हरियाणा सरकार के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है और आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के लिए आज से ही सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति और संस्कृति को जोडऩे वाला एक प्रेरणादायी अभियान है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण का भी संकल्प ले।

केवल वृक्षारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को विकसित कर वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी भी समाज को निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास भी और विरासत भी के विजन के अनुरूप देशभर में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी सतत विकास, हरित भविष्य और स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री विपुल गोयल ने घोषणा करते हुए कहा कि फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में आगामी 15 दिनों के भीतर 45 नए ईको वन विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सेक्टर-7, 8, 9, 10, 11 और 14 सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए ईको वनों की शुरुआत की जा रही है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पहले से विकसित 15 ईको वन सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या 100 से अधिक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि ईको वन केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण, तापमान संतुलन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन हरित क्षेत्रों से पक्षियों का प्राकृतिक आवास विकसित होता है तथा शहरी क्षेत्रों में पर्यावरणीय संतुलन को नई मजबूती मिलती है। फरीदाबाद आज इस दिशा में एक मॉडल शहर के रूप में उभर रहा है, जहां औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि सेक्टर-4 से सेक्टर-7 तक फैली ग्रीन बेल्ट को विकसित कर एक विशाल ऑक्सीजन कॉरिडोर के रूप में तैयार किया जाएगा।

यह परियोजना न केवल शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने का कार्य करेगी बल्कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और नागरिकों को बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने समाजसेवियों, उद्योगपतियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से ईको वन अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही ऐसे अभियान स्थायी और सफल बनते हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण अभियान की सबसे मजबूत आधारशिला है और यदि युवा एक पौधा लगाने के साथ-साथ उसके संरक्षण का संकल्प लें तो हरियाणा का पर्यावरण और अधिक समृद्ध एवं संतुलित बन सकता है। कार्यक्रम के दौरान वेस्ट मैनेजमेंट पार्क का उद्घाटन एवं विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। वेस्ट मैनेजमेंट पार्क जैसी पहलें स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगी।

मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर-14 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की नवगठित टीम तथा विशेष रूप से महिला पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिलने पर वे समर्पण, संवेदनशीलता और दक्षता के साथ उत्कृष्ट परिणाम प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने वाली महिला प्रतिनिधियों एवं आरडब्ल्यूए सदस्यों को बधाई दी। इस दौरान सचिन शर्मा, मुकेश अग्रवाल, शैफाली सिंघला, करण सिंघल, ज्योति शैलानी, कुलदीप साहनी, जसवंत सैनी, प्रियंका बिष्ट बुधानी, अजीत नंबरदार, रूमा नंबरदार, विष्णु गुप्ता, बासुदेव अरोड़ा एवं वजीर सिंह डागर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण एवं हरित फरीदाबाद के संकल्प को आगे बढ़ाने में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.