सतयुग दर्शन वसुंधरा के स्थापना दिवस पर विशाल नि:शुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन
फरीदाबाद। सतयुग दर्शन वसुंधरा के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर सतयुग दर्शन ट्रस्ट (रजि.) एवं सर्वोदय हॉस्पिटल, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आज वसुंधरा परिसर, सेक्टर-89, भोपानी, फरीदाबाद में विशाल नि:शुल्क मेडिकल कैम्प का सफल आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के गावों के लगभग 1000 लोगों ने लाभ उठाया द्यद्य कार्यक्रम का शुभारंभ सतयुग दर्शन ट्रस्ट के मेंटर परम आदरणीय श्री सजन जी, मैनेजिंग ट्रस्टी श्रीमती रेशमा गांधी जी, श्रीमती अनुपमा तलवार जी, हरियाणा की पूर्व शिक्षा मंत्री श्रीमती सीमा त्रिखा जी तथा श्री कमलेश शास्त्री जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं उद्घाटन के साथ किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इस मेगा मेडिकल कैम्प में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा जनरल मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, दंत चिकित्सा, अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक्स), बाल रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं की ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में आए सभी मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां तथा ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, ईसीजी, सीबीसी एवं अन्य आवश्यक जांचों की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई। सतयुग दर्शन ट्रस्ट पिछले कई दशकों से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण एवं मानवीय सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा संचालित विद्यालय, संगीत कला केन्द्र, चैरिटेबल डिस्पेंसरी एवं लैब, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, नेत्र जांच शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज सेवा के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को निरंतर सशक्त बना रहे हैं।
ट्रस्ट द्वारा संचालित देशभर की 16 चैरिटेबल डिस्पेंसरी प्रतिवर्ष लगभग दो लाख मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। इसी सेवा-भाव को आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस मेडिकल कैम्प का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं नि:शुल्क पहुंचाना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों की सुविधा के लिए आसपास के 15 से अधिक गांवों से नि:शुल्क परिवहन की व्यवस्था की गई तथा सभी आगंतुकों के लिए स्वास्थ्यवर्धक जलपान की भी व्यवस्था रही। बड़ी संख्या में लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया तथा ट्रस्ट की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।
