कड़ाके की ठंड के लिए हो जाएं तैयार! हरियाणा में और बढ़ेगी सर्दी
चंडीगढ़ : पहाड़ों पर बर्फबारी से हरियाणा में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। हाल यह हो गया है कि अब पाला भी जमने लगा है। हिसार और महेंद्रगढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर पाला जमने की स्थिति देखी गई है। वहीं रात का पारा सभी 22 जिलों में 6 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। वहीं सुबह घनी धुंध छाई रही, जिससे विजिबिलिटी 25 मीटर तक रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने आज कुछ जिलों में घनी धुंध और कोल्ड डे का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बता दें कि शुक्रवार को 4 जिलों अंबाला, फतेहाबाद, करनाल, पंचकूला में सिवियर कोल्ड-डे और 7 जिलों हिसार, रोहतक, सिरसा, जींद, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर में कोल्ड डे की स्थिति रही। हालांकि, मौसम विभाग ने 13 से 16 जनवरी तक के लिए घनी धुंध, शीतलहर चलने और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने 8 जिलों में घनी धुंध व कोल्ड-डे का रेड व 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल में घनी धुंध और कोल्ड डे का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं 14 जिलों पंचकूला, यमुनानगर, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी में लोगों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।